सूरजपुर। संगठनात्मक विस्तार के तहत सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की सूरजपुर विकासखंड कार्यकारिणी का गठन बुधवार को सूरजपुर स्थित गोंडवाना भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी महापुरुषों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से शिव प्रताप सिंह आयाम को सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग सूरजपुर विकासखंड का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि मनोज सिंह पोया को ब्लॉक मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि देवसाय सिंह बैगा ने आदिवासी महापुरुषों के संघर्षों और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल, डिजिटल और कंप्यूटर तकनीक के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। जिला महासचिव मंत्री लाल बियार ने कहा कि यदि हम आदिवासी समाज में जन्मे हैं तो समाज के लिए कार्य करना हमारा दायित्व है।
इस अवसर पर त्रिभुवन सिंह टेकाम ने संविधान में अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति समुदाय को मिले अधिकारों पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं सोशल एक्टिविस्ट एवं सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया ने युवाओं को अपनी आवाज स्वयं बनने और नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज में नशामुक्ति को बढ़ावा देने के लिए ग्राम स्तर पर अभियान चलाया जाएगा तथा युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही आदिवासी महापुरुषों के इतिहास और विचारों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के नेतृत्व में स्थानीय आरक्षण, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर पहल की जाएगी। नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि “एक तीर, एक कमान- सर्व आदिवासी एक समान” केवल नारा नहीं बल्कि समाज को एकजुट करने का मूल मंत्र है।
बैठक में जसवंत सिंह, गौरीशंकर नेताम, अंजली सिंह उईके, सूरतिया उईके, विपेन्द्र प्रताप कोर्राम, कमलेश्वरी उईके, गुरुदयाल सिंह, लक्ष्मण सिंह आर्मो, जय सिंह, शामपति सिंह, चंद्रशेखर सिंह, हीरमेन सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
