सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर विकासखंड में सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भूमका पुजारी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर और बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्थल सिंह आर्मो ने युवाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” उन्होंने युवाओं से समाज के उत्थान और विकास में आगे आने का आह्वान किया। वहीं प्राचार्य पीताम्बर सिंह मरावी ने समाज की दिशा और दशा पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति, परंपरा और संगठन की छवि को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
देवसाय उइके बैगा ने युवाओं को डिजिटल शिक्षा, कंप्यूटर, सोशल मीडिया, बैंकिंग और निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए समय के साथ चलने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग सूरजपुर के जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया ने युवाओं को आदिवासी अधिकारों के प्रति सजग और संगठित रहने की बात कही। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ खनिज संपदा और आदिवासी संस्कृति की रक्षा में युवाओं की भूमिका को अहम बताया। साथ ही पाँचवीं अनुसूची, पेसा कानून, ग्राम सभा के अधिकार और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं ने ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह मरकाम, गौरीशंकर सिंह नेताम, कदम कुमारी पोर्ते, वर्षा मरकाम, पुनेश्वर सिंह ओरकारा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग रामानुजनगर की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। इसमें गुलाब सिंह नेताम को अध्यक्ष, परमेश्वर सिंह ओरकेरा और राम सिंह टेकाम को संरक्षक, प्रमोद सिंह मरावी को कार्यकारी अध्यक्ष, आयुष सिंह पोर्ते को उपाध्यक्ष, लक्ष्मण सिंह आर्मो को मीडिया प्रभारी, जयकरण सिंह टेकाम को सचिव, गजेंद्र प्रताप सिंह मरावी को सह सचिव, संतोष सिंह टेकाम को कोषाध्यक्ष, लालकेश्वर सिंह सोरी को सह कोषाध्यक्ष, देवसाय उइके बैगा को संगठन प्रभारी, योगेश सिंह टेकाम को सह मीडिया प्रभारी तथा प्रतिमा सिंह पावले को महिला प्रभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, शिक्षा और जागरूकता को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया।
