बलरामपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बलरामपुर ने पदोन्नत प्रधान पाठकों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है। आज 13 फरवरी 2026 को संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) बलरामपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पदोन्नति के बाद से लंबित वेतन राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।
शिक्षक संघ ने बताया कि जिले में 14 अक्टूबर 2022 को पदोन्नत किए गए प्रधान पाठकों को आज तक पदोन्नति तिथि से संबंधित पद का वेतन नहीं दिया गया है। इस कारण कई शिक्षकों का आर्थिक संतुलन बिगड़ रहा है और उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए तत्काल निराकरण की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर राशि का भुगतान कराया जाएगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में संतोष गुप्ता, विनय गुप्ता, खगेश्वर कश्यप, दिलिप गुप्ता, चोवाराम देवांगन, रविन्द्र गुप्ता, संतोष प्रजापति, सुनील गुप्ता, रुपेश सोनी, प्रवीण कुमार यादव, रामप्रसाद राकेश, अमित सिंह तथा विनोद कुर्रे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
