सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला सूरजपुर अंतर्गत अनुसूचित जनजाति मोर्चा (अजजा मोर्चा) की जिला कार्यसमिति वर्ष 2026 का गठन कर दिया गया है। संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से यह घोषणा भाजपा प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के मार्गदर्शन में, अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की सहमति से यह सूची जारी की गई। अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय श्याम द्वारा जिला कार्यसमिति एवं मंडल अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई।
इसी क्रम में विश्रामपुर मंडल अध्यक्ष पद पर रामनगर निवासी बृजलाल सिंह टेकाम को नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में मंडल स्तर पर संगठन को नई मजबूती मिलेगी और जनजातीय समाज के हितों को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष बृजलाल सिंह टेकाम ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने, जनजातीय समाज की आवाज को मजबूती देने तथा पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
वहीं पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे संगठन के प्रति निष्ठा रखते हुए भाजपा की विचारधारा को और मजबूत करेंगे।
