
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे राजनीतिक दलों में नाराजगी बढ़ रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
भाजपा नेताओं ने गृह मंत्री से की मुलाकात
भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर शहर में कानून-व्यवस्था की लचर स्थिति पर चर्चा की। भाजपा नेताओं का कहना है कि बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से असफल साबित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने एसपी से की शिकायत
इसी मुद्दे को लेकर सरगुजा जिले के कांग्रेस नेताओं ने भी अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सरगुजा एसपी योगेश पटेल से मुलाकात की। उन्होंने ट्रांसपोर्टर संजय सिंह के साथ हुई मारपीट की घटना पर त्वरित कार्रवाई की मांग की और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
अपराधों का बढ़ता ग्राफ, पुलिस पर सवाल
हाल ही में ट्रांसपोर्टर संजय सिंह के साथ वसीम कुरैशी नामक युवक द्वारा की गई बर्बर पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अम्बिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के चांदनी चौक में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प का एक और वीडियो सामने आ गया। लगातार बढ़ती इन घटनाओं ने जनता की चिंता बढ़ा दी है।
जनता में नाराजगी, प्रशासन पर उठे सवाल
अम्बिकापुर सहित पूरे सरगुजा जिले में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। पुलिस प्रशासन अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दलों द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाता है।
इसे भी पढ़ें –
कागजों में मृत घोषित हुई जीवित महिला, जमीन कब्जाने की साजिश का बड़ा खुलासा!
विराट त्रिशूल दीक्षा एवं सम्मान समारोह, विश्रामपुर में धूमधाम से संपन्न!