एमसीबी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में शिक्षा, जागरूकता और सहभागिता का अनूठा उत्सव देखने को मिला। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के तीनों विकासखंडों के समस्त ग्रामों एवं वार्डों में उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत भव्य उल्लास मेले का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।

उल्लास मेले का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नवसाक्षर एवं असाक्षर महिला-पुरुषों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करना तथा उन्हें बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय, डिजिटल, कानूनी, स्वास्थ्य साक्षरता एवं जीवन कौशल से जोड़ना रहा। शिक्षा को सरल, सहज और रोचक बनाने के लिए मेले में रिंग फेंको, वर्ण पहचानो, उंगली दौड़, जोड़ मशीन, जोड़ी मिलाओ और सुरीली कुर्सी जैसी गतिविधियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए, जिनमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम शर्मा द्वारा जिले के सभी ग्रामों में शत-प्रतिशत उल्लास मेला आयोजन सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक अमले को सक्रिय किया गया। कार्यक्रम की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से फोटोग्राफ और वीडियो के माध्यम से आयोजन की रिपोर्टिंग की गई। इसके साथ ही 26 जनवरी 2026 तक जिले के सभी ग्रामों में असाक्षरों का शत-प्रतिशत सर्वे पूर्ण कर वेब पोर्टल पर समय-सीमा में प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गणतंत्र दिवस पर आयोजित यह पहल जिले में साक्षरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
