सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा (अजजा मोर्चा) ने जिला सूरजपुर में संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वर्ष 2026 के लिए जिला कार्यसमिति का गठन कर दिया है। नई कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता का माहौल देखने को मिल रहा है।
यह सूची भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की सहमति से इसे अंतिम रूप दिया गया। अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय श्याम द्वारा जिला कार्यसमिति एवं पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की गई।
इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेंद्र सिंह मार्को को भाजपा अजजा मोर्चा जिला सूरजपुर का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे ग्राम पंचायत बतरा, विकासखंड भैयाथान, जिला सूरजपुर के निवासी हैं और लंबे समय से संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाते रहे हैं।
महेंद्र सिंह मार्को को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का मानना है कि उनके अनुभव, जनसंपर्क और संगठनात्मक क्षमता से जिले में अजजा मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी और जनजातीय समाज के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।

नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह मार्को ने नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भाजपा की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने, जनजातीय समाज की आवाज को मजबूती देने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।
वहीं भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि महेंद्र सिंह मार्को के नेतृत्व में अजजा मोर्चा जिले में और अधिक प्रभावी रूप से कार्य करेगा तथा संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
